नीमच: नगर पालिका द्वारा शहर के वार्ड क्रमांक 19 में की गई नाला खुदाई ने त्योहारी सीजन में स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नाला निर्माण के लिए की गई खुदाई के कारण क्षेत्र का प्रमुख ‘मूलचंद मार्ग’ पिछले एक सप्ताह से पूरी तरह से अवरुद्ध पड़ा है, जिससे आवागमन ठप हो गया है और निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मोहर्रम के आयोजनों मे आयेंगी बाधा
वर्तमान में मुस्लिम समाज का पवित्र मोहर्रम पर्व शुरू हो चुका है। जिस क्षेत्र में यह नाला खुदाई का कार्य किया गया है, वह मुस्लिम समाज बाहुल्य क्षेत्र है। मोहर्रम के दौरान इस इलाके में कई प्रमुख धार्मिक आयोजन होते हैं और लोगों की आवाजाही लगी रहती है। ऐसे समय में मुख्य मार्ग के बंद होने से समाज के लोगों को भारी तकलीफों से गुजरना पड़ रहा है।
त्योहार से पहले होना था कार्य: पूर्व पार्षद
इस अव्यवस्था पर कड़ी आपत्ति जताते हुए पूर्व पार्षद हारून रशीद कुरैशी ने नगर पालिका की लापरवाही को उजागर किया है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका को नाला सफाई या सुधार का जो भी कार्य करना था, वह त्योहार शुरू होने से पहले ही योजनाबद्ध तरीके से कर लेना चाहिए था। ऐन त्योहार के वक्त मार्ग खोदकर छोड़ देने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
प्रशासन से शीघ्र कार्य पूर्ण कराने की मांग
पूर्व पार्षद हारून रशीद कुरैशी और स्थानीय रहवासियों ने जिला प्रशासन एवं नगर पालिका से पुरजोर मांग की है कि इस कार्य को तुरंत संज्ञान में लिया जाए। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि जनसुविधा और मोहर्रम के आयोजनों को दृष्टिगत रखते हुए नाला निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर शीघ्र अति शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।