द लाइव एक्सप्रेस | नीमच।
नगर पालिका द्वारा शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के संकल्प के साथ प्रमुख उद्यानों का व्यापक सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार 23 फरवरी को नपा अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा ने नपा उपाध्यक्ष रंजना करण सिंह परमाल, स्वास्थ्य सभापति धर्मेश पुरोहित व पार्षद योगेश कवीश्वर के साथ गांधी वाटिका, महावीर वाटिका और शिक्षक कॉलोनी स्थित बालाजी मंदिर बगीचे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बगीचा शाखा प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
नपा अध्यक्ष ने बताया कि शहर के 18 बगीचों में लाखों रुपये की लागत से रंग-रोगन, आकर्षक लाइटिंग, पौधों की कटिंग और नए पौधारोपण सहित विभिन्न कार्य कराए गए हैं। गांधी वाटिका में सौंदर्यीकरण कार्य निरंतर जारी है। यहां पाथवे पर एक्यूप्रेशर टाइल्स लगाने तथा मंदिर के पास गेट से अंदर तक सीसी रोड निर्माण का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है।
उन्होंने बताया कि ग्वालटोली तलैया के पास करोड़ों रुपये की लागत से ‘नमो पार्क’ विकसित किया जाएगा। इसकी ड्राइंग-डिजाइन तैयार हो चुकी है। पार्क में सुंदर बगीचा, आकर्षक लाइटिंग, फव्वारे, बच्चों के लिए खेल सामग्री और आमजन के लिए पाथवे बनाए जाएंगे, जिससे यह शहर का प्रमुख आकर्षण बनेगा।
नपा अध्यक्ष ने शहरवासियों से अपील की कि वे प्रतिदिन कम से कम एक घंटा मोबाइल से दूर रहकर परिवार के साथ बगीचों में समय बिताएं। इससे जहां पारिवारिक वातावरण सकारात्मक बनेगा, वहीं स्वास्थ्य लाभ भी मिलेगा।