द लाइव एक्सप्रेस | नीमच।
बघाना थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेलवे फाटक क्षेत्र से चोरी हुए इलेक्ट्रिक स्कूटर के मामले का महज कुछ घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया वाहन बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेलवे फाटक के पास से एक इलेक्ट्रिक स्कूटर चोरी होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए अलग-अलग टीमें गठित कर जांच शुरू की। घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिनमें एक संदिग्ध युवक स्कूटर ले जाते दिखाई दिया।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुलचंद मार्ग स्थित शराब ठेके के पास एक युवक चोरी का स्कूटर बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुजल पिता राधेश्याम मावर (20) निवासी सुभाष नगर, थाना स्टेशन रोड जिला रतलाम बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्कूटर चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गया टीवीएस आईक्यूब इलेक्ट्रिक स्कूटर बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में अग्रिम विवेचना जारी है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक राधेश्याम दांगी, उपनिरीक्षक आर.के. सिंघावत, प्रधान आरक्षक मोनवीर सिंह, आरक्षक भरतलाल पाटीदार, अजातशत्रु सिंह, ओमप्रकाश पारगी एवं राहुल डाबी का सराहनीय योगदान रहा।