सरवानिया महाराज चौकी की सतर्कता से खुला तस्करी नेटवर्क, सप्लायर नामज़द
टीएलई। नीमच/सरवानिया महाराज
जावद थाना क्षेत्र की सरवानिया महाराज पुलिस चौकी ने नशा विरोधी अभियान के तहत प्रभावी कार्रवाई करते हुए 3 किलो 500 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब 5 लाख 25 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने मामले में अफीम उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति को भी आरोपी बनाया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति खेड़ा मोड़ी से अवैध अफीम लेकर रतनपुरिया की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर चौकी पुलिस ने ग्राम खेड़ा मोड़ी से ग्राम नानपुरिया जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
दबिश के दौरान रोड़मल उर्फ रोडू सिंह पिता लच्छीराम सुरावत (40) निवासी ग्राम रतनपुरिया को रोककर तलाशी ली गई। उसके पास से दो प्लास्टिक थैलियों में कुल 3 किलो 500 ग्राम अफीम बरामद की गई। आरोपी उक्त मादक पदार्थ अपने गांव रतनपुरिया ले जा रहा था।
चौकी प्रभारी नीलेश सोलंकी ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि यह अफीम ग्राम खेड़ा मोड़ी निवासी निर्भय सिंह उर्फ पप्पु पिता भेरूलाल बावरी ने उपलब्ध कराई थी। उसे प्रकरण में सह-आरोपी बनाया गया है। वह फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं।