भोपाल के बरखेड़ी फाटक के पास एक नाबालिग रेलवे लाइन पार करते समय फंस गई थी । इस दौरान ट्रैक पर खड़ी मालगाड़ी के चलने से वह दहशतजदा पटरी पर ही लेट गई । लड़की को मुसीबत में देख जान की बाजी लगाकर पटरी पार कर रहे फर्नीचर कारीगर ट्रैक पर जा कूदा और लड़की की जान बचा ली । जब मालगाड़ी दोनों के ऊपर से गुजर गई तो नाबालिग और उसके परिजनों ने फरिश्ता बनकर आए इस युवक का शुक्रिया अदा किया । युवक की इस बहादुरी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है । यह घटना पांच फरवरी की बताई जा रही है । जानकारी के मुताबिक बागफरत अफजा ऐशबाग निवासी मोहम्मद मेहबूब फर्नीचर की दुकान पर कारीगर हैं । वह पांच फरवरी की रात करीब पौन आठ बजे मस्जिद से नमाज पढ़कर घर जा रहे थे । उन्होंने घर जाने के लिए बरखेड़ी रेलवे फाटक का रास्ता चुना । उनके साथ उनके दोस्त भी थे । वह रेल की पटरियों के पास पहुंचे तो एक मालगाड़ी पटरी पर खड़ी हुई थी । वह मालगाड़ी के नीचे से पटरी पार कर निकलने लगे । उनके दोस्त भी आ रहे थे । उसी समय एक नाबालिग अपने परिवार के साथ भी मालगाड़ी के नीचे से पटरी पार करने लगी । उसी समय मालगाड़ी चलने लगी तो वह 17 साल की बच्ची दहशत में पटरी पर ही लेट गई । यह देखकर मोहम्मद मेहबूब ने छलांग लगाकर पटरी पर बच्ची को बचाने के लिए खुद भी लेट गए और बच्ची का सिर और हाथ दबाकर उस समय तक पटरी पर दबाकर रखा,जब तक की मालगाड़ी निकल नहीं निकल गई । बाद में नाबालिग के परिजनों ने उनको शुक्रिया अदा किया । इस पूरी घटना का उनके दोस्तों ने वीडियो बना लिया था । वीडियो वायरल होने के बाद लगातार उनकी इस दिलेरी के चर्चे आम हैं.और लगातार उनका सम्मान किया जा रहा है ।