अमृत 2.0 के तहत सीवरेज लाइन और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनेगा, जनप्रतिनिधियों ने कहा—बघाना बनेगा स्वच्छ और सुंदर
महाशिवरात्रि के अवसर पर नीमच के बघाना क्षेत्र को बड़ी विकास सौगात मिली। अमृत 2.0 योजना के तहत 14.69 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सीवरेज परियोजना का भूमि पूजन जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया गया। इस योजना से क्षेत्र में स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
नीमच। नपा परिषद द्वारा शहर में जारी विकास कार्यों की श्रृंखला के तहत बघाना क्षेत्र में सीवरेज परियोजना का भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, नपाध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा, जलकल सभापति छाया जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।बघाना स्थित अहीर व्यायामशाला के बाहर आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और पुष्पवर्षा के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल, भारत माता और सरस्वती के चित्रों पर माल्यार्पण से हुई।

सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। सीवरेज योजना का उद्देश्य शहर और गांवों को स्वच्छ बनाना तथा नदियों में गंदा पानी जाने से रोकना है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से बघाना क्षेत्र स्वच्छ और सुंदर बनेगा और विकास को नई दिशा मिलेगी।
विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि बघाना कभी विकास के मामले में पिछड़ा क्षेत्र माना जाता था, लेकिन अब यहां तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और यह मुख्य नगर के रूप में पहचान बना रहा है।नपाध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा ने बताया कि 14.69 करोड़ रुपये की लागत से करीब साढ़े 14 मीटर लंबी सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर विकास के संकल्प को पूरा करते हुए नागरिकों के सपनों को साकार किया जा रहा है।
कार्यक्रम को भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल और मंडल अध्यक्ष मोहन सिंह राणावत ने भी संबोधित किया। स्वागत भाषण नपा सभापति और बघाना के पार्षद नीरज अहीर ने दिया। कार्यक्रम का संचालन स्वच्छता एंबेसडर विजय बाफना ने किया, जबकि आभार मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने माना।
इस अवसर पर पार्षद, जनप्रतिनिधि और बघाना क्षेत्र के बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।