द लाइव एक्सप्रेस। नीमच।
ज़िला कांग्रेस कमेटी ने रविवार को कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में स्वतंत्रता सेनानी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और आज़ाद भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आज़ाद की पुण्यतिथि मनाई। इस दौरान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।
कार्यक्रम में ज़िलाध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि मौलाना आजाद आधुनिक भारत की शिक्षा व्यवस्था के प्रमुख शिल्पकार थे। उन्होंने ऐसी शिक्षा प्रणाली की परिकल्पना की, जो समाज को जागरूक, सशक्त और आत्मनिर्भर बना सके। बाहेती ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का तेजी से व्यावसायीकरण हो रहा है, ऐसे में मौलाना आजाद के सिद्धांत और दृष्टिकोण मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मौलाना आजाद के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाएं और समाज में शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता और सद्भाव को मज़बूत करने का प्रयास करें।
इस अवसर पर ओम दीवान, बृजेश मित्तल, मनोहर अंब, हारून रशीद कुरैशी, जगदीश पुनार, इलियास कुरैशी, सोनू यादव, संजय पंवार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।