नीमच। शहर की आम जनता के टैक्स से बना नगर पालिका का स्विमिंग पूल अब आम लोगों की पहुंच से दूर होता जा रहा है। कभी बच्चों, छात्रों और आम नागरिकों के लिए खुला रहने वाला यह सार्वजनिक संसाधन अब महंगी फीस के कारण “हाई-क्लास क्लब” में तब्दील होता नजर आ रहा है। पूर्व पार्षद हारून रशीद कुरैशी ने जनहित का बड़ा मुद्दा उठाते हुए कहा कि स्थानीय लोगों और मीडिया में आई खबरों के अनुसार, नगर पालिका ने स्विमिंग पूल की मासिक फीस ₹1000 तय कर दी है। सवाल उठ रहा है कि क्या एक किसान, मजदूर या मध्यमवर्गीय परिवार अपने बच्चों को तैराकी सिखाने और तैराकी और पूल के शौकीन इतनी भारी रकम खर्च कर पाएगा?
एक समय था जब इसी स्विमिंग पूल से कई बच्चों ने वाटर स्पोर्ट्स में रुचि दिखाई और आगे बढ़े। सत्ताधारियों ने इस बात का क्रेडिट भी मंचों से खूब लिया। हालांकि यह सुविधा प्रतिभाओं को निखारने का माध्यम थी। लेकिन अब हालात ऐसे बन गए हैं कि आम परिवार अपने बच्चों को इस सुविधा से दूर होता देख रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब यह स्विमिंग पूल “पब्लिक सेक्टर” का है, तो क्या इसका उपयोग भी सिर्फ “हाई क्लास पब्लिक” के लिए ही सीमित कर दिया गया है?
पूर्व पार्षद हारून रशीद कुरैशी ने कहा कि आम नागरिकों में नाराजगी साफ झलक रही है। लोगों का कहना है कि यह फैसला गरीब और आम वर्ग के खिलाफ मानसिकता को दर्शाता है। सार्वजनिक सुविधाओं का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाना होता है, लेकिन यहां उल्टा होता दिख रहा है।
जनता पूछ रही है— क्या अब सरकारी सुविधाएं भी अमीरों के लिए रिजर्व हो गई हैं?
क्या गरीब और आम लोग सिर्फ राशन और लाइनों तक ही सीमित रहेंगे?
नीमच नगर पालिका का यह फैसला अब शहर में चर्चा का विषय बन चुका है। जरूरत है कि जिम्मेदार अधिकारी इस पर पुनर्विचार करें, ताकि खेल और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं हर वर्ग तक समान रूप से पहुंच सकें।