महू-नसीराबाद हाई-वे पर शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात भीषण सड़क हादसा हुआ। जिसमें कार सवार 2 लोग बुरी तरह ज़ख्मी हो गए। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। जिसने घायलों को कार से बाहर निकाला। दुर्घटनाग्रस्त कार से लाखों रुपए भी बरामद किए गए हैं।
मंदसौर। (द लाइव एक्सप्रेस)।ज़िले में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक कार सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में कार सवार दो लोग बुरी तरह घायल हो गए। घटना रात करीब साढ़े 12 बजे की बताई जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक़ मंदसौर शहर की तरफ से आ रही तेज़ रफ्तार कार आईफा होटल के नज़दीक खड़े कंटेनर में जा घुसी। हादसे में कार सवार बुरी तरह घायल हो गए। वहीं आईफा होटल पर मौजूद लोग दौड़ कर गाड़ी के पास पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि इस कार से दो बैग बरामद हुए हैं। एक का रंग काला है,तो दूसरे का रंग लाल है।यह बैग 2 हज़ार और 500 रुपए के नोट की गड्डियों से भरे हुए थे।
इधर सूचना पर दलौदा टीआई संजीव सिंह परिहार मय पुलिस टीम मौके पर पहुंचे। और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने गाड़ी से दो बैग बरामद किए हैं। जिसमें लाखों रुपए कैश हैं। पुलिस ने इसकी वीडियोग्राफी भी की है। जिसके बाद पुलिस दोनो बैग जप्त कर दलौदा थाने ले गई। इस संबंध में टीआई ने बताया कि अभी मामले की तहकीकात चल रही है। दोनो घायल नशे में हैं। गाड़ी से कैश बरामद हुआ है। जो करीब 35 से 40 लाख के आसपास होगा। अभी गिनती नहीं की गई है। फिलहाल घायलों से भी इस बारे में पूछताछ की जा रही है। जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।