नीमच।जीरन और दलपतपुरा के बीच खेत में खड़ी अफीम फसल का डोडा चुराने की बड़ी वारदात सामने आई है। जीरन पुलिस के मुताबिक किसान बलराम पिता चतभुर्ज पाटीदार निवासी जीरन के ग्राम दलतपुरा स्थित 10 आरी के खेत में से चोर अफीम का डोडा काटकर चुरा ले गए। यह वारदात रविवार-सोमवार की दरमियानी रात को हुई। किसान सोमवार को रायड़ा की फसल बेचने नीमच आया था और शाम को खेत पर पहुंचा तो 10 आरी के अफीम के खेत से डोडे कट हुए मिले। यह देख किसान सन्न रह गया और तुरंत जीरन पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। जीरन पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया हैं।
10 आरी का खेत- 5 आरी के डोडे चोरी
किसान बलराम पुलिस को बताया कि मुझे 10 आरी में अफीम का पट्टा सीपीएस सिस्टम के तहत मिला था। आज शाम को खेत पर जाकर देखा तो करीब पांच आरी से अफीम के डोडे कट गए । यह डोडे कौन काटकर चुरा ले गया, पता नहीं चल पाया है।
नारकोटिक्स विभाग को सौंपने थे डोडा
किसान बलराम पाटीदार को सीपीएस सिस्टम के तहत 10 आरी का पट्टा मिला था, उसे न तो चीरा लगाना था और ना ही लुनाई कर अफीम निकालनी थी। पूरे 10 आरी के डोडे नारकोटिक्स विभाग को सौंपना थे लेकिन उससे पहले ही पांच आरी में अफीम के डोडे चोरी हो गए हैं। इस तरह से अफीम डोडे चोरी होना नीमच जिले में इस साल की पहली घटना है।