नीमच पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से बल्क मात्रा में डोडाचूरा जब्त किया है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जीरन पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में करीब 6 क्विंटल 10 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को महू-नीमच रोड पर हर्कियाखाल पुलिस सहायता केंद्र के पास पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की थी। इसी दौरान एक टाटा ट्रक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने ट्रक को तेज गति से भगाने की कोशिश की। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक को रोक लिया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम मनजिंदर सिंह बताया,जो पंजाब के तरण तारण जिले का निवासी है। जब पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली, तो अजवाइन के पैकेटों के नीचे छिपाकर रखे गए 31 प्लास्टिक कट्टों में कुल 610 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अब यह जांच की जा रही है कि यह अवैध मादक पदार्थ कहां से लाया जा रहा था, और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उमेश यादव और हर्कियाखाल पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।