उज्जैन संभाग आयुक्त के आदेश पर कार्रवाई, डॉ. डी. प्रसाद को सौंपा गया अतिरिक्त प्रभार
नीमच। ज़िले के स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल सामने आया है। उज्जैन संभाग आयुक्त के आदेश पर नीमच ज़िले के प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) आर.के. खद्योत को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय, नीमच निर्धारित किया गया है।
कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, यह कार्रवाई आयुक्त उज्जैन संभाग द्वारा 28 जनवरी 2026 को जारी आदेश के तहत की गई है। आदेश के अनुपालन में जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार जिला चिकित्सालय नीमच के क्षय रोग विशेषज्ञ डॉ. डी. प्रसाद को सौंपा गया है।
आगामी आदेश तक प्रभावी व्यवस्था
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह प्रभार व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावशील रहेगी। साथ ही संबंधित विभागों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग में हलचल
सीएमएचओ के निलंबन की कार्रवाई के बाद जिले के स्वास्थ्य विभाग में तेज हलचल देखने को मिल रही है। हालांकि निलंबन के ठोस कारणों को लेकर फिलहाल आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन इसे प्रशासनिक स्तर पर गंभीर कदम माना जा रहा है।