मध्यप्रदेश के नीमच ज़िले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जहां रावण रूंडी क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्र ने अज्ञात कारणों के चलते अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
नीमच। शहर के सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत रावण रूंडी निवासी एक 16 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना 12-13 अप्रैल की मध्यरात्रि की है। मृतक की पहचान पीयूष जाटव पिता स्वर्गीय कन्हैयालाल जाटव के रूप में हुई है, जो कक्षा 9वीं का छात्र था।
परिजनों के अनुसार, पीयूष सोमवार रात करीब 11 बजे खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। सबकुछ सामान्य था। लेकिन मंगलवार सुबह जब दरवाज़ा खटखटाया तो पीयूष ने दरवाज़ा नहीं खोला। जिसके बाद परिजनों ने दरवाज़ा तोड़ा तो उनके होश उड़ गए। पीयूष का शव पंखे में लगाए गए फांसी के फंदे पर लटका हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार कर शव को ज़िला अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के पीछे के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। परिजनों और परिचितों से पूछताछ जारी है।