नीमच। कभी-कभी जिंदगी की मार इंसान को इस क़दर तोड़ देती है कि उसे मौत ही एकमात्र रास्ता नज़र आने लगता है। ऐसा ही एक झकझोर देने वाला मामला गुरुवार को नीमच रेलवे स्टेशन पर पेश आया।
जहां मानसिक तनाव और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे 55 वर्षीय व्यक्ति ने चलती ट्रेन के सामने छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। लेकिन कहते हैं “जिसे रब रखे उसे कौन चखे”—वक़्त रहते लोको पायलट की सूझबूझ से एक ज़िंदगी बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम जमुनिया कला निवासी राजेश पाटनी (55) गुरुवार को काफी देर से नीमच रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर गुमसुम हालत में टहल रहे थे। उनके हाव-भाव और मानसिक हालत को देखकर यात्रियों को अनहोनी की आशंका हुई, जिस पर तत्काल जीआरपी पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर नज़र रखने लगी। इसी दौरान जब हल्दीघाटी एक्सप्रेस स्टेशन से गुज़र रही थी, तभी राजेश ने अचानक ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। पलभर में स्टेशन पर हड़कंप मच गया।
हालांकि, लोको पायलट ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। ट्रेन के पहिये कुछ ही दूरी पर थम गए और बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद जीआरपी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए राजेश को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान उन्हें मामूली चोटें आईं। जिसका प्राथमिक उपचार किया गया।
पुलिस द्वारा की गई काउंसलिंग के दौरान राजेश भावुक हो गया। और फ़फ़क कर रो पड़ा। उसने बताया कि पारिवारिक उपेक्षा और आर्थिक तंगी ने उसे मानसिक रूप से पूरी तरह तोड़ दिया था, जिससे परेशान होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
पुलिस को उसके पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है।जीआरपी थाना प्रभारी के.एल. भाटी ने बताया कि यात्रियों की सतर्कता और लोको पायलट की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। काउंसलिंग के बाद राजेश को समझाइश देकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।