नीमच से रवाना होते ही स्लीपर कोच में वारदात, आरपीएफ–जीआरपी ने घंटों चलाया सर्च ऑपरेशन
नीमच। चलती ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में है। उदयपुर सिटी–बांद्रा टर्मिनस ट्रेन में गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात बदमाशों ने स्लीपर कोच में घुसकर यात्रियों के मोबाइल और पर्स चोरी कर लिए। वारदात के बाद चैन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी गई और आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर झाड़ियों में कूदकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, घटना करीब रात साढ़े तीन बजे की है। ट्रेन जैसे ही नीमच स्टेशन से रवाना हुई, कुछ बदमाश स्लीपर कोच में घुस गए और गहरी नींद में सो रहे यात्रियों को निशाना बनाया। इस दौरान महिलाओं के पर्स और कई मोबाइल फोन चोरी कर लिए गए।
कुछ ही देर बाद अचानक चैन पुलिंग कर ट्रेन को आदित्य स्टेट के पास रोक दिया गया। अचानक ट्रेन रुकने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
तलाशी के दौरान झाड़ियों में 4 लेडीज पर्स, एक थैली, 5 मोबाइल और अन्य सामान लावारिस हालत में बरामद हुआ। बरामद सामान की कीमत करीब 1 लाख 1 हजार 700 रुपये बताई जा रही है। हालांकि बदमाश करीब 1500 रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
जीआरपी ने पुलिस एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फरियादी दस्तावेजों के साथ पहुंचेंगे तो बरामद सामान विधि अनुसार सौंप दिया जाएगा।
मौके पर पहुंची पूरी टीम, घंटों चला सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर असिस्टेंट कमांडेंट रतलाम रेंज, क्राइम सीआईबी रतलाम के थाना प्रभारी हरेंद्र चाहर, आर. योगेश मीणा, जीआरपी नीमच थाना प्रभारी के.एल. भाटी, प्रधान आरक्षक वर्दीचंद खंडेला, आरपीएफ पोस्ट नीमच के थाना प्रभारी बाबूलाल डागर, एएसआई सुवालाल बगड़िया, आर हेमेंद्र जगावत, एएसआई दिलीप कुमार, आर अमिताभ मीणा और डॉग स्क्वॉड (डिटेक्टर रतलाम) की टीम पहुंची। डॉग स्क्वॉड ने पर्स सूंघाकर इलाके में घंटों सर्चिंग ऑपरेशन चलाया। इस घटना के बाद एक बार फिर चलती ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।