नीमच। शहर में कालभैरव मंदिर के पास कुछ दिन पहले हुई मारपीट और जानलेवा हमले की घटना में फरार चल रहे चार आरोपियों को नीमच सिटी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस की तेज़ तफ्तीश और लगातार दबिश का अहम रोल रहा।
घटना 28 अप्रैल की है, जब रावणरुंडी निवासी विजय नाथ ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसका बड़ा भाई महेश नाथ और दोस्त समीर मंदिर दर्शन को निकले थे। रास्ते में कुछ युवकों से कहासुनी हुई, जिसमें आज़म नामक युवक ने गालियां दीं और धमकाया कि “शाम को देख लूंगा”। मामला यहीं नहीं रुका — उसी रात करीब 9 बजे कुछ युवक तलवार और बेल्ट लेकर कालभैरव मंदिर पहुंचे और फरियादी व उसके साथियों पर हमला कर दिया।
इस हमले में महेश नाथ के हाथ और कंधे पर तलवार से गंभीर चोटें आईं, जबकि विजय और समीर को भी बेल्ट से पीटा गया। जाते-जाते आरोपियों ने खुलेआम धमकी दी कि “अब दोबारा दिखाई दिए तो जान से मार देंगे।”
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। थाना प्रभारी विकास पटेल के नेतृत्व में बनी टीमों ने लगातार दबिश दी और आखिरकार चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें अयाज उर्फ टंट्या, जुनैद उर्फ जुन्नु, समीर उर्फ पवन और इमरान उर्फ गोलु शामिल हैं। सभी आरोपी सदर और माधवगंज इलाके के रहने वाले हैं।
फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और प्रकरण की जांच जारी है।