रिपोर्ट-मोइन शेख
नीमच। भारतीय रेलवे के सिग्नल डिपार्टमेंट में 30 वर्षों तक सेवा देने के बाद मोहम्मद जमील शनिवार को सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर नीमच रेलवे स्टेशन पर एक गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया जिसमें विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, परिजनों एवं समाजजनों ने भाग लिया।
समारोह के दौरान मोहम्मद जमील को उनके तीन दशकों के सेवा कार्यकाल के लिए पुष्पमाला पहनाकर और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। स्टाफ के सदस्यों ने उनके समर्पण, अनुशासन और कार्यनिष्ठा की सराहना की।
रेलवे अधिकारियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि मोहम्मद जमील जैसे कर्मठ कर्मचारियों की सेवाएं विभाग के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने विभाग की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस दौरान उनके परिजन भी उपस्थित रहे, जिनके साथ उपस्थित समाजजनों ने भी जमील साहब को सम्मानित करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
सेवानिवृत्त कर्मचारी मोहम्मद जमील ने अपने उद्बोधन में कहा कि रेलवे परिवार ने जो स्नेह और सम्मान उन्हें दिया है, वह जीवनभर याद रहेगा। उन्होंने सभी साथियों का आभार व्यक्त किया।