नीमच। इस्लामी साल का आखरी महीना शुरू होने जा रहा है। साल के 12 वें महीने ज़िलहिज्ज में मुस्लिम समुदाय के लोग हज अदा करने मक्का-मदीना की पवित्र यात्रा पर जाते हैं। नीमच से भी बड़ी संख्या में आज़मीन-ए-हज रवाना हो रहे हैं। शहर के नीमच सिटी निवासी प्रतिष्ठित मंसूरी(दातार) परिवार के वरिष्ठ एजाज़ मन्सूरी अपनी धर्मपत्नी नफीसा मन्सूरी के साथ मक्का मदीना की पवित्र यात्रा पर जा रहे हैं। वह नीमच से 08 जून 2023 को निकलेंगे। जिनकी 11 जून 2023 को इन्दौर से फ्लाइट है। जहां से वह हैदराबाद होते हुए मक्का मदीना के सफर के लिए उड़ान भरेंगे। 08 जून को उनकी रवानगी एक भव्य जुलूस के रूप में होगी। जिसमें बडी संख्या में समुदाय के लोग शामिल होकर उन्हें इस पवित्र यात्रा की मुबारकबाद देंगे। ऐजाज़ मन्सूरी ने बताया कि हर मुसलमान की यह ख्वाहिश होती है कि वह हज यात्रा पर जाए। हज करते हुए अल्लाह के घर यानी खाना-ए-काबा और पैगंबर-ए-इस्लाम हज़रत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के रोज़ा-ए-मुबारक की ज़ियारत की जाती है।
देश की लिए अरब में करूंगा दुआ
श्री मंसूरी ने कहा कि मेरी खुशनसीबी है कि अल्लाह और रसूल ने मुझे हज के लिए चुना। बस जल्द ही मक्का व मदीना शरीफ़ पहुंचने की तमन्ना है। जहां इबादत कर मुल्क व परिवार के लिए दुआ करूंगा कि देश में अमन शांति और भाईचारा बहाल हो जाए। इस सफर के दौरान मक्का व मदीना शरीफ में मौजूद तमाम पवित्र स्थानों को देखने व जानने का मौका भी मिलेगा।