नीमच।सोमवार सुबह डाक बंगले के पास कच्ची बस्ती में प्रशासन की घर तोड़ने की कार्यवाही के खिलाफ कच्ची बस्ती रहवासियों ने डाक बांग्ले में प्रभारी मंत्री उषा ठाकुर से मुलाकात की और एक आवेदन सौंपा। बड़ी संख्या में झुग्गी झोपड़ी के रहवासी एकजुट होकर प्रभारी मंत्री श्रीमती ठाकुर से मिलने पहुंचे और अपनी पीड़ा सुनाई। झुग्गी झोपड़ी रहवासी फ़ातेमा बी ने बताया कि सोमवार सुबह प्रशासनिक अमले ने बिना सूचना दिए बस्ती में उनके घर को तोड़ दिया। इससे उन्हें लाखों रुपए का नुकसान हुआ। साथ ही घर में मौजूद लोगों को चोटें भी आई हैं।
बस्ती के रहवासियों ने प्रभारी मंत्री से उक्त जमीन पर मालिकाना हक़ दिलाने की मांग की है। इसके साथ ही प्रशासन की कार्यवाही में टूटे मकान का मुआवज़ा दिलाने की मांग की है। इस पर प्रभारी मंत्री उषा ठाकुर ने सभी बस्ती निवासियों को आश्वस्त किया कि सभी लोगों को आशियाना मिलेगा। प्रदेश की शिवराज सरकार गरीबों की सरकार है। किसी को भी बेघर नहीं किया जाएगा। इस मौके पर विधायक दिलीप सिंह परिहार, संतोष चोपड़ा, नायब तहसीलदार प्रशस्ति सिंह सहित बड़ी संख्या में बस्ती के रहवासी मौजूद थे।