रिपोर्ट-मोइन शेख़
नीमच। ज़िले की रतनगढ़ पुलिस को मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक सफेद रंग की हुंडई वरना कार (RJ 06 CD 7791) से 55 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही अवैध शराब की तस्करी कर रहे दो आरोपियों से 10 लीटर अवैध शराब भी बरामद की गई है।
यह कार्रवाई नशा विरोधी अभियान के तहत की गई, जो पूरे प्रदेश में पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाया जा रहा है। नीमच के एसपी अंकित जायसवाल, एएसपी नवलसिंह सिसोदिया और जावद एसडीओपी निकिता सिंह के मार्गदर्शन में रतनगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र झा के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी।
कैसे हुई कार्रवाई:
कॉम्बिंग गश्त के दौरान रतनगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक वरना कार से अवैध डोडाचूरा ले जाया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने डीकेन-रतनगढ़ आम रोड पर नाकाबंदी की और बताई गई कार को रोका। तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में — 55 किलो डोडाचूरा बरामद किया गया।
कार चला रहे आरोपी की पहचान देवीलाल (48), निवासी ग्राम जोजवा, थाना बिगोद, जिला भीलवाड़ा (राजस्थान) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि यह मादक पदार्थ हुकुमसिंह (42), निवासी ग्राम खेडली, थाना मनासा, जिला नीमच को सप्लाई किया जाना था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है।
अन्य कार्रवाइयां:
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने दो स्थाई वारंटियों और दो गिरफ्तारी वारंटियों को भी पकड़ा है। इसके साथ ही अवैध शराब परिवहन कर रहे दो अन्य आरोपियों को 10 लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
टीम की सराहना:
इस पूरे अभियान में थाना प्रभारी वीरेन्द्र झा और उनकी टीम की तत्परता और मुस्तैदी सराहनीय रही। पुलिस की इस कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी पर एक और सख्त प्रहार हुआ है।