नीमच। 500 रुपए के स्टांप पर अपनी सरपंची दूसरे शख्स को सौंपने के मामले में दांता सरपंच को दोषी पाया गया है। जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव ने मामले की जांच की,साथ ही मामले से संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए। जिसके बाद ग्राम पंचायत दांता की सरपंच कैलाशी बाई को पद से पृथक करने के आदेश जारी किया है। गौरतलब है कि मामला उजागर होने के बाद सीईओ वैष्णव ने धारा 40 के तहत नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। साथ ही सचिव सहित एग्रीमेंट के गवाहों के बयान भी लिए, इस संबंध में सचिव ने जानकारी नहीं होने की बात कही,तो वहीं दोनों गवाहों ने भी हस्ताक्षर करने से इनकार किया और शपथ पत्र को फर्जी बताया। इतना ही नहीं सरपंची सौंपने वाली कैलाशी बाई ने भी स्टांप को झूठा बताया। जिसके बाद स्टाम्प वेंडर से इस बारे में पूछताछ की गई तो,स्टाम्प कैलाशी बाई के नाम पर ही क्रय होना पाया गया। जिसके बाद सीईओ ने सरपंच को पद से हटाने का आदेश जारी किया है।