डीकेन में सूने मकान को बनाया था निशाना, जेवरात, बाइक और मोबाइल जब्त
द लाइव एक्सप्रेस | रतनगढ़/नीमच
नीमच जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में हुई दिनदहाड़े नकबजनी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आदतन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की बाइक और दो मोबाइल बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक डीकेन निवासी मुकेश पाटीदार ने 5 फरवरी को शिकायत दर्ज कराई थी कि 3 फरवरी को अज्ञात चोर उसके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। मामले में बीएनएस की धारा 331(3) और 305(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची।
गिरफ्तार आरोपियों में लाभचंद उर्फ लाभू (30) पिता हरिराम भील और तुफान पिता लालूराम गुर्जर, दोनों निवासी ग्राम टामोटी थाना कुकडेश्वर शामिल हैं।
बरामद सामग्री
पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने के दो कंगन, दो झुमकी, एक अंगूठी, एक नथ, चांदी की तीन जोड़ी पायल, तीन अंगूठियां, तीन बिछिया, एक बिना नंबर की बजाज सीटी 100 मोटरसाइकिल और दो एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किए हैं।
कई मामलों में पहले से आरोपी
मुख्य आरोपी तुफान के खिलाफ चोरी, नकबजनी और एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कई प्रकरण दर्ज हैं। वहीं लाभचंद के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट सहित अन्य मामलों में अपराध दर्ज होना सामने आया है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना तलाश रही है। कार्रवाई में रतनगढ़ थाना और डीकेन चौकी पुलिस की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।