यादव मंडी में अंधविश्वास का जाल, बुजुर्ग महिला सीसीटीवी में कैद,सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार
द लाइव एक्सप्रेस।नीमच।
सिटी थाना क्षेत्र के यादव मंडी में देवी प्रकोप का भय दिखाकर ठगी करने वाली अज्ञात महिला अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। 9 फरवरी को हुई इस वारदात को आज 13 दिन बीत चुके हैं, जबकि एफआईआर घटना के 11 दिन बाद 20 फरवरी को दर्ज की गई थी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।
‘उपाय’ के नाम पर रचा गया डर का खेल
जानकारी के अनुसार सुगना बाई, पति गजेंद्र यादव (कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष) के मकान पर 9 फरवरी की शाम एक अज्ञात महिला पहुंची। उसने देवी प्रकोप और अनहोनी की बात कहकर परिवार को भयभीत किया और ‘उपाय’ के नाम पर आभूषण अलग रखने को कहा।
झांसे में लेकर ले उड़ी जेवर
आरोपी महिला एक सोने का मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठियां, एक जोड़ी सोने के झुमके और एक जोड़ी चांदी की पायजेब लेकर फरार हो गई। कुछ देर बाद ठगी का अहसास होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
सीसीटीवी में बुजुर्ग महिला कैद
पुलिस द्वारा खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज में एक बुजुर्ग महिला संदिग्ध रूप में नजर आई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यही महिला वारदात में शामिल हो सकती है। फुटेज के आधार पर उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी पूछताछ कर रही है। नागरिकों से अपील की गई है कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा देवी-देवताओं के नाम पर भय दिखाने या घर में प्रवेश करने की कोशिश की जाए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।