नीमच। मध्यप्रदेश सरकार के वर्ष 2026–27 के बजट को लेकर कांग्रेस नेता एवं पूर्व पार्षद हारून रशीद कुरैशी ने भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि सदन में वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा महाबजट प्रस्तुत कर रहे थे, उसी समय नीमच जिले में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि किसानों की फसलों की तबाही की कहानी लिख रही थी, लेकिन बजट में प्रभावित किसानों के लिए कोई ठोस राहत नहीं दिखाई दी।
कुरैशी ने कहा कि 4.38 लाख करोड़ रुपये के बजट में जिले को केवल जावद विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 118 करोड़ रुपये की लागत से 12 सड़कों का प्रावधान मिला, जबकि कृषि प्रधान एवं देश की प्रमुख अफीम बेल्ट होने के बावजूद पूरे नीमच जिले की मूलभूत समस्याओं की अनदेखी की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि शहर सहित कई वार्डों में महीनों से दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ा है, लेकिन स्थानीय स्वास्थ्य और पेयजल व्यवस्था को सुधारने के लिए बजट में कोई विशेष प्रावधान नहीं किया गया।
कांग्रेस नेता ने बताया कि हालिया ओलावृष्टि से गेहूं, चना, सरसों और अफीम की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीण क्षेत्रों में उगरान–छाछखेड़ी – सिमखेड़ा और पालसोड़ा क्षेत्र से जुड़े दर्जनों मार्ग सहित कई सड़कें जर्जर हालत में हैं, जहां किसानों को खेतों तक पहुंचने के लिए पानी से भरे रास्तों से गुजरना पड़ रहा है। इसके बावजूद कृषि और ग्रामीण विकास मद में जिले के लिए अलग से राहत या योजना का उल्लेख नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी किश्तें जमा करने के बाद भी मकानों के इंतजार में किराए के घरों में रहने को मजबूर हैं, जबकि अमृत योजना के अंतर्गत स्वीकृत करोड़ों रुपये की परियोजनाएं अधूरी पड़ी हैं।
कुरैशी ने कहा कि मोहन यादव सरकार का यह बजट विकास के दावों और जमीनी हकीकत के बीच बड़ा अंतर उजागर करता है। जावद क्षेत्र को सीमित सौगात देने के साथ नीमच शहर, किसान और आमजन की समस्याओं को नजरअंदाज किया गया है।
उन्होंने मांग की कि ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज, पेयजल समस्या का स्थायी समाधान, अधूरी परियोजनाओं को पूरा करने की समयसीमा और आवास योजना के लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण किया जाए। अन्यथा कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन करेगी।
— हारून रशीद कुरैशी
पूर्व पार्षद एवं कांग्रेस नेता, नीमच