टीएलई डेस्क।नीमच।
ऑल इंडिया हज वेलफेयर सोसायटी की जिला इकाई नीमच द्वारा वर्ष 2026 में हज यात्रा पर जाने वाले हाजियों के लिए एक दिवसीय हज तरबीयती (प्रशिक्षण) कैंप का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण शिविर महू रोड स्थित कृष्णा गार्डन (डी-मार्ट के पास) में आयोजित हुआ, जिसमें हाजियों को हज यात्रा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
जिला नीमच से हज कमेटी द्वारा चयनित 52 हाजियों में से 46 हाजियों ने इस कैंप में सहभागिता की। इसके अलावा निजी टूर के माध्यम से हज यात्रा पर जाने वाले हाजी साहेबान ने भी प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में भारत सरकार द्वारा अधिकृत मास्टर ट्रेनर सैयद रियाज ने हज 2026 के नवीनतम नियम, प्रक्रियाएं और जरूरी अपडेट्स की विस्तार से जानकारी दी। वहीं सईद खान ने हज के अरकान (अनिवार्य कर्तव्यों) के बारे में सरल और व्यवहारिक मार्गदर्शन देकर हाजियों की शंकाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. परवेज मंसूरी रहे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में हज असिस्टेंट 2026 मजहर खान और डॉ. साजिद अंसारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पवित्र कुरआन-ए-पाक की तिलावत से हुई, जिसे शेख मुजीब ने प्रस्तुत किया।
सोसायटी की ओर से सभी हाजियों को हज किट वितरित की गई। साथ ही हाजियों की सुविधा के लिए हज से संबंधित आवश्यक सामग्री के स्टॉल भी लगाए गए, जिससे उन्हें यात्रा की तैयारी में मदद मिल सके।
कार्यक्रम के अंत में इलियास खान पठान ने सभी अतिथियों, हाजी साहेबान और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सोसायटी के पदाधिकारी एवं सदस्य—इलियास खान पठान, मुबारिक हुसैन, जाहिद हुसैन, सईद खान, हमिद अख्तर मंसूरी, मोहम्मद साजिद कुरैशी, हय्युम खान, साजिद हुसैन, मुबारिक पठान, आसिफ हुसैन, फरियाद अली शाह, आजम खान, अशपाक नागौरी, इस्लाम गनी तिगाला, अय्यूब पठान, अब्दुल गफ्फार मोमिन एवं सलीम मंसूरी सहित बड़ी संख्या में हाजी साहेबान मौजूद रहे। जानकारी मीडिया प्रभारी आसिफ हुसैन ने दी।