हर बार एक जैसी कार्रवाई, हर बार आरोपी फरार….नीमच नारकोटिक्स विंग के ऑपरेशन पर उठे सवाल!
रिपोर्ट:- आलम तौक़ीर
नीमच। ज़िले में नारकोटिक्स विंग की कार्रवाई पर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। वजह साफ है — हर ऑपरेशन में तस्करों की गाड़ियाँ तो पकड़ ली जाती हैं, लेकिन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर आसानी से फरार हो जाता है।
ताज़ा मामले में विंग की टीम ने भरभड़िया से स्कॉर्पियो का पीछा शुरू किया, 20 किलोमीटर तक रोमांचक रेस चली, और हवाई पट्टी के पास गाड़ी रोक भी दी। स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में डोडाचूरा भी बरामद हुआ। लेकिन आरोपी फिर भी मौके से भाग निकला!
हर बार एक जैसी स्क्रिप्ट क्यों?
नीमच में नारकोटिक्स विंग की चर्चित ‘सेंगर-दायमा जोड़ी’ की कार्रवाई हर बार एक जैसी होती है —
तस्कर की गाड़ी का पीछा
माल बरामद
आरोपी फरार
और मामला दर्ज
सवाल यह है कि क्या नारकोटिक्स विंग जान बूझकर आरोपियों को भगाने का मौका दे रही है? क्या ये कार्रवाई सिर्फ आंकड़ों में दिखाने के लिए की जा रही हैं, ताकि कागज़ों पर तस्करी के खिलाफ कार्रवाई का रिकॉर्ड बना रहे?
पुलिस की रणनीति या मिलीभगत?
हर बार रात के अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी का भाग निकलना कहीं अधिकारियों की लापरवाही का नतीजा तो नहीं? या फिर ये कोई सोची-समझी मिलीभगत है?
नीमच में नारकोटिक्स विंग की कार्रवाई में पारदर्शिता की कमी है। शहर में चर्चा है कि आरोपी भाग जाते हैं, लेकिन उनकी गिरफ्तारियां कभी सार्वजनिक नहीं होतीं और मामले ठंडे बस्ते में चले जाते हैं।
कड़ी कार्रवाई की ज़रूरत
नीमच जैसे बल्क अफीम उत्पादन वाले क्षेत्र में तस्करों पर सख्ती बेहद ज़रूरी है। अगर हर बार आरोपी भागता रहा तो कार्रवाई का क्या मतलब? ज़िले के लोग नारकोटिक्स विंग की कार्यशैली पर भरोसा खोते जा रहे हैं।
लंबे समय से जमे सेंगर-दायमा
नारकोटिक्स विंग नीमच में लंबे समय से तेज सिंह सेंगर और राजमल दायमा जमे हुए हैं। बावजूद इसके तस्करी पूरे शबाब पर है। हर बार तस्कर का हाथ से निकल जाना ,न केवल कार्यशैली को सवालों के घेरे में खड़ा करता है, बल्कि अधिकारियों की फिटनेस पर भी प्रश्न चिन्ह लगाता है। अब देखना यह होगा कि नारकोटिक्स एसपी या डीआईजी क्या कुछ फेरबदल करते हैं, या फिर उनकी भी मोन सहमति प्राप्त है।