Home Uncategorized मंदसौर: मुस्लिम समाज ने फ़र्ज़ी एनडीपीएस केसों को लेकर उपमुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन, पुलिस पर उत्पीड़न के आरोप

मंदसौर: मुस्लिम समाज ने फ़र्ज़ी एनडीपीएस केसों को लेकर उपमुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन, पुलिस पर उत्पीड़न के आरोप

0
मंदसौर: मुस्लिम समाज ने फ़र्ज़ी एनडीपीएस केसों को लेकर उपमुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन, पुलिस पर उत्पीड़न के आरोप

मंदसौर। शहर के वाय.डी. नगर थाना क्षेत्र के ग्राम बोतलगंज व मुल्तानपुरा से जुड़े मुस्लिम समाज के लोगों ने हाल ही में पुलिस की कार्यशैली को लेकर गहरी नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा को सामूहिक आवेदन सौंपा है। इस आवेदन में आरोप लगाया गया है कि थाना वाय.डी. नगर एवं थाना पिपलियामंडी द्वारा निर्दोष मुस्लिम युवकों पर झूठे मादक पदार्थ (एनडीपीएस एक्ट) के मामले दर्ज किए जा रहे हैं।

क्या है मामला?
आवेदन के अनुसार, दिनांक 25 मई 2025 को रात लगभग 9:00 से 9:30 बजे के बीच वाय.डी. नगर पुलिस ने ग्राम बोतलगंज के महू-नीमच मार्ग स्थित एक चाय होटल एवं उसके आसपास से लगभग 11 लोगों को पूछताछ के बहाने उठाया। इसके बाद उनके खिलाफ अलग-अलग एनडीपीएस मामलों में गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार किए गए लोगों में रफीक उर्फ अप्पु, सद्दाम नियारगर, फारूक नड्डा, भूरू उर्फ अहमद मथारिया, जाबिर बहादुर, फारूक कोका और शाहिद नियारा जैसे नाम सामने आए हैं, जो स्थानीय निवासी हैं और मजदूरी जैसे कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिजनों का आरोप है कि इन गिरफ्तारियों के बाद उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति संकट में आ गई है।

पुलिस पर गंभीर आरोप
आवेदन में यह भी कहा गया है कि पुलिस ने गिरफ्तार किए गए युवकों को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया, साथ ही उनके परिजनों को धमकियां दी गईं कि अगर उन्होंने पुलिस के खिलाफ शिकायत की तो उन्हें भी नहीं छोड़ा जाएगा।

पूर्व में दिया जा चुका है ज्ञापन
परिजनों और स्थानीय समाजजनों ने इससे पहले भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पुलिस कार्यवाही को फर्जी करार देते हुए ज्ञापन सौंपा था, लेकिन उन्हें कोई ठोस जवाब नहीं मिला। इसके चलते अब समाज ने उपमुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है।

क्या मांग की गई है?
ज्ञापन में मांग की गई है कि इन प्रकरणों की निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई हो तथा वाय.डी. नगर थाना में पदस्थ अधिकारियों और संबंधित चौकी प्रभारी को तत्काल स्थानांतरित किया जाए।

प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार
फिलहाल इस मामले में पुलिस या जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। स्थानीय समाज का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here