नीमच, 24 अप्रैल 2025
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी नशा विरोधी अभियान के तहत नीमच जिले की रतनगढ़ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन से 320 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद माल की बाजार कीमत लगभग 39 लाख रुपये आंकी गई है।
मुखबिर सूचना पर एक्शन
23 अप्रैल की रात रतनगढ़ थाना क्षेत्र के डीकेन पुलिस चौकी को मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन अवैध मादक पदार्थ लेकर नीमच-डीकेन रोड से गुजरने वाला है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जनकपुर फंटा पर नाकाबंदी की। वहां से गुजर रहे संदिग्ध पिकअप वाहन (RJ 01 GC 3592) की तलाशी लेने पर उसमें 17 कट्टों में भरा 320 किलो डोडाचूरा बरामद किया गया।
वाहन चला रहा व्यक्ति शिवराज पिता गोपीलाल सालवी (उम्र 22 वर्ष), निवासी रेडवास, जिला भीलवाड़ा (राजस्थान) को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि यह मादक पदार्थ बहादुर पिता सोजी बंजारा, निवासी बागरेड़ खेड़ा, थाना जावद (नीमच) ने तस्करी के लिए उपलब्ध कराया था। बहादुर इस समय फरार है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में आरोपी शिवराज और फरार तस्कर बहादुर के खिलाफ धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी से पूछताछ कर सप्लाई चैन और अन्य संलिप्त लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
टीम का सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनगढ़ निरीक्षक वीरेन्द्र झा, डीकेन चौकी प्रभारी सउनि गोपाल तनान और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, एएसपी नवल सिंह सिसौदिया और एसडीओपी निकिता सिंह के मार्गदर्शन में यह सफल कार्रवाई की गई।