नीमच: नीमच साइबर सेल ने महाराष्ट्र के औरंगाबाद निवासी एक व्यक्ति से 10 लाख रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने रुपये डबल करने का झांसा देकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने 4 लाख रुपये नकद, 40 काले नोटों के बंडल, घटना में प्रयुक्त मारुति डिज़ायर कार और 7 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
मामला 11 जनवरी 2025 का है, जब फरियादी भास्कर पांडुरंग नाईक को उनके दोस्त रावसाहेब बारकुबुट्टे और मनोज मोरे ने रुपये डबल करने का लालच दिया। भास्कर 10 लाख रुपये लेकर नीमच आए, जहां मनोज ने उन्हें शेर बादशाह, बब्बर हुसैन, सुल्तान खान, और राजेश जाट से मिलवाया। आरोपियों ने टिंचर में डुबोकर असली नोटों को काले नोट में बदलने का नाटक किया और पुलिस का डर दिखाकर असली नोट लेकर फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने साइबर सेल को निर्देश दिए, जिसके बाद टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी संसाधनों का विश्लेषण कर आरोपियों को ट्रैक किया। 16 जनवरी 2025 को चार आरोपी – शेर बादशाह (प्रतापगढ़), बब्बर हुसैन (बिल्लोद), सुल्तान खान (प्रतापगढ़) और राजेश जाट (मंदसौर)- को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 4 लाख रुपये नकद, काले नोट के 40 बंडल, घटना में प्रयुक्त मारुति डिज़ायर कार और 7 मोबाइल फोन बरामद किये है।
बता दे कि यह गिरोह भोले-भाले लोगों को रुपये डबल करने का लालच देता था। असली नोटों को टिंचर में डुबोकर काले नोट बनाने और फिर उन्हें धोकर या साफ कर असली दिखाने का नाटक करता था। इस दौरान वे असली नोट लेकर फरार हो जाते थे। शेर बादशाह और बब्बर हुसैन पर राजस्थान और एमपी में ठगी के कई मामले पहले से दर्ज हैं।
सराहनीय कार्य
इस ठगी का पर्दाफाश करने में साइबर सेल प्रभारी प्रदीप शिंदे और उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। नीमच साइबर सेल की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना हो रही है, जिससे ठगी के इस बड़े गिरोह का पर्दाफाश संभव हो पाया।