नीमच। एक और तो शिवराज सरकार गरीब लोगों को आशियाने देने के दावे करती है।वहीं दूसरी और प्रशासन का गरीब बस्ती वालों पर जुल्मों सितम भी देखने को मिल रहा है। सोमवार को प्रशासनिक अमले ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में डाक बंगले के पास कच्ची बस्ती के एक मकान को जमींदोज कर दिया। मकान तोड़ने के लिए जब जेसीबी चली तब घर में कई लोग मौजूद थे।
जिससे कुछ लोग घायल हुए। वही बस्ती के लोगों ने प्रशासनिक अमले और पुलिस बल पर मारपीट करने और बिना नोटिस के मकान तोड़ने के आरोप लगाए हैं। सोमवार सुबह करीब 9 बजे एसडीएम डॉ ममता खेड़े के नेतृत्व में प्रशासनिक अमला जेसीबी के साथ बस्ती में कार्रवाई करने पहुंचा था। जहां प्रशासन ने सबसे पहले फातिमा बी के मकान पर ताबड़तोड़ कार्यवाही की। सुबह के वक्त घर में सभी लोग चाय नाश्ता कर रहे थे। दीवार गिरने पर एक शख्स के सिर में गंभीर चोटें आई है। वहीँ घर में पड़ा सभी सामान अलमारी, एलईडी टीवी, कूलर, फ्रिज सहित बर्तन वगैरह भी टूट गए।
फातिमा बी ने बताया कि करीब 40 से 50 साल से बस्ती में रह रहे है। अधिकारियों ने सूचना दिए बिना हमारा घर तोड़ दिया। और परिजनों के साथ मारपीट की। करीब तीन से 4 लाख का नुकसान हुआ है। उन्होंने शासन से मुआवजा देने की मांग की है।
भूमाफियाओं के दबाव में प्रशासन….
प्रशासनिक अधिकारी और बस्ती के लोगों के बीच इस कार्रवाई को लेकर जमकर विवाद भी हुआ। कांग्रेस नेताओं ने भी मौके पर पहुंचकर कार्यवाही का विरोध किया और अधिकारियों से कार्रवाई रोकने को लेकर बात की। कांग्रेस नेता राजकुमार आहिर और उमराव सिंह गुर्जर ने कहा कि यह गरीब लोग करीब 50 साल से यहां निवासरत है। शिवराज सरकार 12 साल में खुद की जमीन का मालिकाना हक देने का दावा कर रही है। तो इन्हें भी यहां रहने दिया जाए। इन पर क्यों कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि बस्ते के पास ही अवैध रूप से मल्टी बनी हुई है। कार्यवाही करना हो तो पहले उस पर की जाए। गरीब लोगों को क्यों परेशान किया जा रहा है।
इनका कहना-
एसडीएम डॉ ममता खेड़े ने बताया कि बहुत सारे लोगों ने जमीन को अवैध रूप से कब्जे में कर रखा है जगह खाली करने के लिए पहले भी नोटिस दिए जा चुके हैं जिसको लेकर आज भी कार्रवाई की गई है बस्ती के लोगों ने कुछ समय मांगा है। 3 दिन का अल्टीमेटम दिया गया है यदि 3 दिन में खुद जगह खाली नहीं करेंगे तो फिर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जाएगी।
50 साल से हैं निवासरत…
उल्लेखनीय है कि डाक बंगले के पास मौजूद कच्ची बस्ती में करीब 40 से 50 साल से लोग रह रहे। कई लोगों के पास पुराने पट्टे भी मौजूद है वहीं कई लोगों ने हाउसिंग बोर्ड के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका भी लगा रखी है। उक्त बस्ती में सभी मजदूर वर्ग के लोग निवास करते हैं। बस्ती वासियों का कहना है कि शहर में अनेक जगह पर अवैध रूप से पक्के निर्माण और मल्टीया बनी हुई है। लेकिन उन पर कार्यवाही के नाम पर महज खानापूर्ति की जाती है।
प्रशासन का डंडा गरीब और जरूरतमंद लोगों पर ही तो चलता है। कार्रवाई के दौरान शहर काजी सद्दाम हुसैन, मौलाना नियाज निजामी, उज्जैन शहर काजी उज्जैन हिदायतुल्लाह खान, सलीम निजामी, मौलाना अमजद अली, हाजी बाबू सलीम, बृजेश सक्सेना, ओम शर्मा, मुकेश कालरा, हारून रशीद कुरेशी, आशा सांभर, जावेद दुर्रानी, इकबाल कुरैशी, नदीम अख्तर कुरैशी, एडवोकेट वसीम कुरेशी, छोटे खा कुरैशी, जफर कुरेशी सहित बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यवाही का विरोध किया। वही प्रशासनिक अमले में सीएसपी राकेश मोहन शुक्ला, तहसीलदार अजय हिंगे, नायब तहसीलदार पिंकी साठे सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद था।