नीमच। भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नगरपालिका परिषद नीमच ने ई.डब्लू.एस के 600 मकानो को आवंटित करने की योजना बनाई है। वर्ष 2019 में लॉटरी सिस्टम से आवासहीन नागरिकों से 40 हज़ार रुपए एफडी करवा कर मकान नंबर तक आवंटित कर दिए, और अब बिना सूचना के उपरोक्त योजना को सरेंडर बताया जा रहा है। वहीं आवेदकों से कह रहे हैं की आपकी जमा राशि वापस ले लीजिए हम आपको आवास नही दे सकते, जिसकी वजह से करीब 456 हीतग्रहियों पर आवास संकट मंडरा रहा है। इस मामले को कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय सचिव दिलीप सिंह राजपाल ने संज्ञान में लिया,कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह वोहरा और प्रदेश अध्यक्ष शेख अलीम के दिशा निर्देश पर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के मंदसौर ज़िला महामंत्री मज़हर खान प्रतिनिधि के रूप में प्रधानमंत्री आवास योजना संघर्ष समिति नीमच की बैठक में शामिल हुए और समिति सदस्यों की समस्याओं को सुना. मज़हर खान ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी कहते हैं की 2022 तक कोई भी आवासहीन नही रहेगा,सबका अपना घर होगा। शासन की इस कथनी और करनी में फर्क है यह बात देर से ही सही लेकिन अब लोगों की समझ में आ रही है। कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग आपके साथ खड़ा है, आपकी आवाज़ को प्रदेश अध्यक्ष शेख अलीम और प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह वोहरा जी तक पहुंचाएंगे। जल्द ही इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से भी बात की जाएगी। उक्त मामले का निराकरण नहीं होने की स्थिति में शांतिपूर्ण आंदोलन कर हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलवाया जाएगा और अगर ज़रूरत पड़ी तो हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा।