जावरा। रतलाम ज़िले के जावरा में पुलिस ने नशे की बड़ी खेप पकड़ी है। उज्जैन बायपास पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक मारुति सुजुकी इको कार से 360 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया। डोडाचूरा 18 प्लास्टिक कट्टों में भरकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से मंदसौर ज़िले के 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। ज़ब्त डोडाचूरा की कीमत 7 लाख 20 हजार रुपए और तस्करी में इस्तेमाल कार की कीमत 8 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने कुल 15 लाख 20 हज़ार रुपए का मश्रुका ज़ब्त किया है।
थाना प्रभारी सुमित मिश्रा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर 23 नवंबर को औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने हजरत निजामुद्दीन औलिया की दरगाह के सामने उज्जैन बायपास पर घेराबंदी की। इस दौरान मारुति सुजुकी इको कार क्रमांक MP 04 CY 2693 को रोककर तलाशी ली गई। कार में रखे 18 काले प्लास्टिक कट्टों से कुल 360 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से जुझार पिता भेरूलाल खराड़ी (24), निवासी ग्राम पिपलखेड़ी थाना भावगढ़, ज़िला मंदसौर को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
डोडाचूरा कहां से लाया, किसे होनी थी सप्लाई?
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किस स्थान पर की जानी थी। तस्करी के इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता और सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी सुमित मिश्रा के साथ हुसैन टेकरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रघुवीर जोशी सहित पुलिस टीम शामिल रही।