पुराने वीडियो वायरल, कुछ दिन बैरियर बंद रहा, फिर शुरू हुआ वही खेल! आज ड्राइवर को थप्पड़ पड़ा तो फूटा गुस्सा, वसूली की छपरी में लगा दी आग
नीमच। सादी चप्पल, हाथ में पुराना कीपैड मोबाइल, मुंह में तंबाकू और अंदाज़ ऐसा कि बस एक इशारा और काम शुरू! नाम है ‘बिहारी बाबू’। नया गांव आरटीओ बैरियर के इर्द-गिर्द इसकी चर्चा खूब है। वहीं इस पूरे खेल में मास्टरमाइंड राजकुमार को बताया जाता है। चर्चा है कि बैरियर का सिस्टम इन्हीं के इशारे पर चलता है।
अब सवाल है कि आखिर इस कीपैड वाले बाबू का ऐसा कौन-सा नेटवर्क है, जिसकी चर्चा बॉर्डर से लेकर नीमच के गलियारों तक हो रही है? महीने की 20 से 25 तारीख आते ही हलचल बढ़ने की बातें क्यों होती हैं? और ट्रकों की आवाजाही के बीच यह पूरा सिस्टम आखिर किस हिसाब से चलता है?
नया गांव बैरियर पर वसूली को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। वीडियो वायरल भी हुए। कुछ समय के लिए बैरियर बंद रहने के बाद अब फिर अवैध वसूली का सिलसिला शुरू हो चुका है। ट्रक चालकों की परेशानी कम होने के बजाय बढ़ती दिख रही है।
अब आते हैं सोमवार शाम की घटना पर। मध्यप्रदेश-राजस्थान सीमा पर स्थित नया गांव आरटीओ बैरियर पर कागज़ात की जांच और कथित वसूली को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान एक ट्रक ड्राइवर को थप्पड़ मारने की बात सामने आई। फिर क्या था, ड्राइवरों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों ट्रक चालक हाईवे पर उतर आए। चक्काजाम कर दिया। गुस्साए चालकों ने बैरियर के पास बनी अस्थाई छपरी में आग लगा दी। देखते ही देखते मामला सड़क से लेकर पूरे बैरियर तक फैल गया। नीमच-चित्तौड़गढ़ फोरलेन पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। नया गांव चौकी और जावद पुलिस मौके पर पहुंची। हालात संभालने और जाम खुलवाने की कोशिश शुरू हुई। लेकिन अब सवाल सिर्फ एक छपरी में आग लगने का नहीं है। सवाल उस पूरे सिस्टम का है, जिसे लेकर ट्रक चालक बार-बार शिकायतें करते हैं।
बिहारी बाबू कौन हैं? राजकुमार की क्या भूमिका है? बैरियर पर आखिर किसका सिक्का चलता है?
इन सवालों के जवाब जांच से ही सामने आएंगे। लेकिन इतना तय है कि सोमवार की आग ने नया गांव बैरियर की पुरानी चर्चाओं को फिर हवा दे दी है। अब देखना यह है कि कार्रवाई सिर्फ आज के हंगामे तक सीमित रहती है या फिर बैरियर पर चल रहे पूरे सिस्टम की भी जांच होती है।