द लाइव एक्सप्रेस।मनासा/नीमच
कुकड़ेश्वर-मनासा मार्ग पर सोमवार शाम एक तेज रफ्तार कार दो परिवारों के लिए जिंदगीभर का दर्द छोड़ गई। शाम करीब 7:30 बजे राजस्थान पासिंग कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से हटने की कोशिश में था, लेकिन सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने मानवता दिखाते हुए घायलों को तत्काल मनासा अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने काफी प्रयास किए, लेकिन उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान दशरथ (27) पिता रमेश मेघवाल और जोरसिंह (37) पिता मोतीलाल बंजारा, निवासी ग्राम छोटी खड़ी के रूप में हुई है। दोनों युवक बाइक से मनासा से अपने गांव लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है। शवों को मनासा अस्पताल के पीएम रूम में रखवाया गया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।