40 मिनट लेट शुरू हुई मीटिंग में 8 बार उठा सड़कों पर मवेशियों का मुद्दा, कुत्तों के काटने पर भी छिड़ी बहस
टीएलई डेस्क।नीमच।
आने वाले त्योहारों के मद्देनज़र हर बार होने वाली ज़िला स्तरीय शांति समिति की बैठक का आयोजन बुधवार को हुआ। दोपहर 12.30 बजे तय बैठक आखिरकार 40 मिनट की देरी से शुरू हुई। यंग कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और एसपी अंकित जायसवाल की एंट्री दोपहर 1.10 बजे सभाकक्ष में हुई और इसके बाद बैठक ने रफ्तार पकड़ी। करीब एक घंटे चली इस बैठक में दिलचस्प बात यह रही कि शांति व्यवस्था पर ज्यादा बहस की नौबत ही नहीं आई—क्योंकि नीमच वैसे ही बहुत शांत और सद्भाव वाला शहर है। हाँ कभी-कभार की हल्की नोंकझोंक तो चलती है,क्योंकि ये हर घर की कहानी है। बर्तन रहते हैं तो आवाज़ तो होती ही है।
ख़ैर बैठक में असली गर्मी सड़कों पर जमा होने वाले मवेशियों (गाय) के मुद्दे पर दिखी। यह मुद्दा एक-दो नहीं, बल्कि पूरे आठ बार अलग-अलग सदस्यों ने उठाया। हर बार कलेक्टर का जवाब लगभग एक जैसा रहा—“आपका प्वाइंट वेल टेकन है।” यानी बात नोट कर ली गई है। अब नोट से निपटान तक कितना वक़्त लगेगा, यह देखने वाली बात होगी।
डीजे पर भी खास फोकस रहा। वजह साफ है—10वीं और 12वीं के बोर्ड इम्तिहान जारी हैं। ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर सख्ती और सीमित उपयोग की बात दोहराई गई, ताकि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
बैठक में जब प्रशासनिक खामियों की बात आई तो एएसपी एनएस सिसोदिया पुलिस के साथ ज़िला प्रशासन का बचाव करते नज़र आए। हर आरोप और हर इल्ज़ाम पर सफाई पेश की गई। माहौल कुछ ऐसा रहा कि सवाल उठते रहे और जवाबों में बचाव की परत चढ़ती रही।
राजनीतिक रंग भी हल्का-सा नज़र आया। पूर्व भाजपा ज़िलाध्यक्ष हेमंत हरित ने प्रशासनिक अधिकारियों के तीन साल के कार्यकाल का जिक्र करते हुए चुटकी ली। इशारों-इशारों में यह संकेत भी दे दिया कि “मूवमेंट ऑर्डर” कभी भी आ सकता है। सभाकक्ष में मौजूद लोगों ने इस टिप्पणी को ध्यान से सुना।
बैठक में आवारा कुत्तों की नसबंदी और वैक्सीनेशन का मुद्दा भी उठा। बघाना वार्ड 37 के पार्षद प्रतिनिधि शराफत अली ने कहा, “मैं तो पार्षद प्रतिनिधि था, मेरे भी हाथ पर कुत्ते ने काट लिया।” इस पर पीछे से किसी ने धीमे से तंज कसा—“कुत्ते को ये नहीं बताया गया होगा।” इस पर कक्ष में ठहाके लगे, लेकिन समस्या गंभीर ही बनी रही।
कुल मिलाकर, यह शांति समिति की बैठक कम और शहर की ज़मीनी समस्याओं का खुला मंच ज्यादा नजर आई—जहां ‘शांति’ पर कम, मवेशियों, डीजे, कुत्तों और प्रशासनिक जवाबदेही पर ज्यादा चर्चा हुई। अब देखना यह है कि “प्वाइंट वेल टेकन” फाइलों से निकलकर सड़कों तक कब पहुंचता है। इस बैठक में उठे मुद्दों से पुलिस और प्रशासनिक विफलता साबित हो गई।
प्रशासन को चाहिए कि जनसमस्याओं के लेकर हर महीने एक बैठक ज़रूर ले जिसमें शहर के बुद्धिजीवियों से शहर का हाल जाने और खामियों पर सफाई देने के बजाय इसका हल तलाशने की कोशिश करे। खैर कामना है कि शहर शांति इसी तरह बरक़रार रहे।