नीमच। प्रधान आरक्षक होशियार सिंह आत्महत्या मामले में अब एक बड़ा नया मोड़ आ गया है। मृतक की बेटी अर्पिता यादव ने डीजीपी कैलाश मकवाना को व्हाट्सऐप पर पत्र भेजकर पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराने और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। पत्र में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
सुसाइड नोट से छेड़छाड़ की आशंका, वरिष्ठ अधिकारियों पर आरोप
अर्पिता यादव ने अपने पत्र में लिखा है कि उनके पिता ने मृत्यु से पहले वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सुसाइड नोट लिखा था। आरोप है कि निजी अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान पुलिस कॉलोनी निवासी कोमल उनके घर से वह सुसाइड नोट लेकर गई और बाद में मीडिया में बयान आने के बाद उसे वापस लौटाया। परिवार ने पत्र में सवाल किया है कि वह “वरिष्ठ अधिकारी” कौन थे जिनके इशारे पर सुसाइड नोट लिया गया था।
कंट्रोल रूम और अजाक थाने के CCTV सुरक्षित रखने की मांग
पत्र में दावा किया गया है कि घटना पुलिस कंट्रोल रूम और अजाक थाने से जुड़ी है। परिवार को जानकारी मिली है कि वहां मृतक के साथ रक्षित निरीक्षक और हेड कांस्टेबल प्रणव तिवारी द्वारा मारपीट की गई थी। ऐसे में दोनों स्थानों के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने और उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
सुसाइड नोट में भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच की मांग
अर्पिता ने लिखा कि सुसाइड नोट में वरिष्ठ अधिकारियों और एसपी के ससुर से जुड़े कथित भ्रष्टाचार का जिक्र है। परिवार ने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
बीमारी के बाद हल्की ड्यूटी नहीं मिलने से थे परेशान
पत्र में बताया गया है कि होशियार सिंह कैंसर और हर्निया ऑपरेशन के बाद हल्की ड्यूटी चाहते थे। लेकिन उन्हें ट्रेजरी गार्ड में पोस्टिंग नहीं मिलने और “सेटिंग सिस्टम” से परेशान रहने की बात घर पर कई बार बताई थी।
“पुलिस कर्मचारियों की समस्या सुनने वाला कोई नहीं”
पत्र में आरोप लगाया गया है कि जिले में पुलिस कर्मचारियों की समस्याएं सुनने के लिए कोई दरबार नहीं लगाया जाता, जिससे वे अपनी शिकायत सही तरीके से नहीं रख पाते।
मोबाइल और सुसाइड नोट अधिकारियों को सौंपने का जिक्र
परिवार ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के कहने पर मृतक का मोबाइल और सुसाइड नोट पुलिस को दे दिया गया है और इसमें किसी भी तरह की छेड़छाड़ न होने देने की मांग की गई है।
एसपी पर बयानबाजी का आरोप
अर्पिता ने पत्र में लिखा कि उन्हें सोशल मीडिया से पता चला कि एसपी द्वारा उनके पिता को कमजोर बुद्धि और शराबी बताया जा रहा है। परिवार का कहना है कि इससे उन्हें निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं है।
नीमच पुलिस से जांच न कराने की मांग
पत्र में साफ कहा गया है कि यदि न्याय दिलाना है तो जांच नीमच पुलिस से न कराई जाए, बल्कि निष्पक्ष एजेंसी से मजिस्ट्रियल जांच कराई जाए।