भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कथित ‘लव जिहाद’ मामले को लेकर प्रशासन ने कड़े कदम उठाते हुए क्लब 90 रेस्टोरेंट पर बड़ी कार्रवाई की है। हथाईखेड़ा डेम की लीज़ पर संचालित इस क्लब के अवैध निर्माण को सोमवार को बुलडोज़र चलाकर जमींदोज़ कर दिया गया। यह क़दम राष्ट्रीय महिला आयोग की रिपोर्ट के आधार पर उठाया गया, जिसने 3 से 5 मई तक भोपाल पहुंचकर पूरे मामले की जांच की थी।
अवैध केबिनों में होता था शोषण,वीडियो बनाकर किया जाता था ब्लैकमेल
सूत्रों के मुताबिक,क्लब 90 को नगर निगम से ओपन रेस्टोरेंट चलाने की अनुमति मिली थी, लेकिन नियमों की अनदेखी करते हुए वहां अवैध निजी केबिन बनाए गए थे। आरोप है कि इन केबिनों में युवतियों को बहला-फुसलाकर लाया जाता था, जहां उनका शारीरिक शोषण किया जाता था। साथ ही, आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल किए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
चार आरोपी गिरफ्तार,जांच जारी
भोपाल पुलिस ने इस मामले में फरहान खान, सैयद अली, साहिल और साद नामक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है और पूरे ‘लव जिहाद’ गिरोह की तह तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
राष्ट्रीय महिला आयोग की रिपोर्ट के बाद ढाया अवैध निर्माण
राष्ट्रीय महिला आयोग की तीन सदस्यीय टीम ने क्लब 90 का दौरा कर मौके का निरीक्षण किया और प्रशासन को जांच रिपोर्ट सौंपी। रिपोर्ट मिलते ही प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को सील कर ध्वस्त कर दिया।