“ले-दे कर” कार्य कराने की प्रथा बरसों से चली आ रही है। जिस से सारे अवैध मामले सेटल हो जाते हैं। इसे आम ज़बान में भ्रष्टाचार,रिश्वतखोरी और घूस लेना कहा जाता है। गौरतलब है कि प्रशासन से नियम विरुद्ध निर्माण की इतनी शिकायतें होती हैं,परन्तु कार्यवाही नहीं होती,जिसके पीछे भी इस “ले-दे कर” प्रथा का बड़ा हाथ है।
एम.ओ.एस का उल्लंघन,बीच बाज़ार में तान दी आलीशान इमारत
नीमच। शहर के मुख्य बाज़ार जाजू बिल्डिंग से घंटाघर के दरमियान स्थित चूड़ी गली कॉर्नर पर इन दिनों एक आलीशान इमारत का निर्माण हुआ है। वार्ड नंबर 19 के अंतर्गत इस शानदार बिल्डिंग की तामीर नियम विरुद्ध की गई है। जिसकी शिकायतें भी हुई। लेकिन “ले-दे कर” वाली प्रथा ने शायद इसे अब तक सलामत रखा है।
18 महीने बीते,नहीं हुआ निराकरण
इस बारे में शिकायत कर्ता भूरा कुरैशी ने कहा कि जून 2023 में उनके द्वारा सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई थी, कि इस निर्माण में एमओएस का उल्लंघन किया गया है। इतना ही नहीं निर्माणकर्ता ने बेसमेंट भी बनाया है। आज इस शिकायत को 18 महीने हो गए। लेकिन किसी तरह की कोई कार्यवाही नहीं हुई है। शिकायत कर्ता ने नगर पालिका कर्मचारियों पर ले देकर खानापूर्ति करने का आरोप लगाया है। वहीं वार्ड 19 के पार्षद पर भी शिकायत उठाने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। वहीं ऐसी इमारतों की वजह से नगर पालिका को भी विकास कार्य जैसे सड़क चौड़ीकरण में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
अमीरों पर करम गरीबों पर सितम
देखने में आता है कि प्रशासन भी सिर्फ मध्यम वर्ग और ग़रीब तबक़े पर अपनी कार्यवाही का चाबुक़ चलाता है। परन्तु धन्ना सेठों की आलीशान इमारतें आसमान की ऊंचाई को छूती नज़र आती हैं। अब देखना होगा कि एमओएस का उल्लंघन करने वाले इस धन्ना सेठ पर नगर पालिका कार्यवाही का चाबुक चलता है या फिर ले देकर प्रथा के ज़रिए यह बचा रहता है।