नीमच। शाहे विलायत हज़रत बाबा शाहबुद्दीन के 128 वें उर्स का आगाज़ रविवार 21 मई 2023 से हुआ। चार दिवसीय उर्स के पहले दिन सुबह परचम कुशाई के बाद 8 बजे कुरान ख्वानी का आयोजन नीमच सिटी स्थित दरगाह पर किया गया। जिसके बाद दिन भर बाबा के चाहने वालों ने दरगाह शरीफ में हाज़री देकर चादर पेश की। शहर के विभिन्न स्थानों से चादर बैंड बाजे के साथ जुलूस के रूप में दरगाह लाई गई। जहां मौजूद तीनों मजारों पर चादर पेश कर शहर में खुशहाली और अमन, चेन भाईचारे की दुआ मांगी गई।उर्स एवं इंतजामिया कमेटी के सदर मुन्ना दुर्रानी ने बताया कि आज से चार दिवसीय उर्स का आगाज़ हुआ है। उर्स के पहले दिन रात 9 बजे से ऑल इंडिया मुशायरे का आयोजन किया जाएगा। जिसमें नामचीन अपना कलाम पेश करेंगे। वहीं 22 से 24 मई तक रात 9 बजे से सूफियाना कव्वाली का आयोजन किया जाएगा। जिसमें हिंदुस्तान के मशहूर कव्वाल नातिया,सूफियाना और आरिफाना कलाम पेश करेंगे। 24 तारीख को कुल की रस्म के साथ उर्स का समापन होगा। उर्स में भारत के विभिन्न क्षेत्रों से ज़ायरीन शामिल होते हैं।
नीमच विधायक का दोगला रवैया, पूर्व पार्षद का आरोप
पूर्व पार्षद इक़बाल कुरैशी ने जहां व्यवस्थाओं के लिए नगर पालिका की तारीफ की तो वहीं अधूरे पड़े सड़क निर्माण कार्य को लेकर विधायक दिलीप सिंह परिहार पर दोगले रवैए का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से यहां सड़क निर्माण का कार्य अधूरा पड़ा है। जैसे तैसे पुलिया तो बन गई।लेकिन अब सड़क नहीं बनाई जा रही है। ज़ायरीन को दरगाह आने में काफी परेशानी होती है। इतना ही नहीं यहां शौचालय का वर्क ऑर्डर तक हो गया। लेकिन निर्माण कार्य कुछ नगर पालिका के कर्मचारियों के कारण शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने इसे जल्दी पूर्ण कराने की मांग की है।