जिलाध्यक्ष युवा कांग्रेस भानुप्रताप सिंह राठौड़ का आरोप , वर्ष 2008 से 2018 तक हर चुनाव से पहले नीमच की जनता से किया कोई भी मुख्य वादा और घोषणा आज तक पूरी नही की मुख्यमंत्री ने
नीमच । नीमच जिला युवा काँग्रेस अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह राठौड़ ने यहाँ जारी एक बयान में कहा है कि , महज 15 माह की अल्प और अपूर्ण अवधि तक मुख्यमंत्री रहे प्रदेश काँग्रेस अध्यक्ष कमलनाथजी से निराधार रूप से हर रोज सवाल पूछने की नौटंकी करने वाले शिवराजसिंह चौहान चौथी बार मुख्यमंत्री बनने के बावजूद प्रदेश के अन्य भागों सहित नीमच क्षेत्र की जनता से वोटों के लिए किए गए वादे और घोषणाएँ पूरी नहीं कर पाए है । हमारा सवाल यह है कि क्या वह नीमच की जनता से इसके लिए माफी मांगेंगे ..?
चुनाव – दर – चुनाव शिवराजजी ने नीमच की जनता से किये थे यह वादे – घोषणाएँ
—– यहाँ जारी एक बयान में भानुप्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री के रूप में चुनावी प्रसंग को लेकर शिवराजसिंह चौहान कि नीमच यात्राओं और जनता से किये गए वादों एवं घोषणाओं का तथ्यात्मक विवरण देते हुए बताया कि , वर्ष 2008 और 2013 में हुए विधानसभा चुनाव से पहले 17 जुलाई 2008 से लगाकर 25 मई एवं 20 अगस्त 2013 को मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नीमच के दौरे किये और हर बार जनता से अनेकानेक वादे और घोषणाएँ की थी जिनमें से यहॉं व्यापक वर्ग को प्रभावित करने वाले इन मुख्य वादों का जिक्र कर रहे हैं –
( 1 ) – नीमच की दशकों से चली आ रही बंगला – बगीचा समस्या का सारे सम्बद्ध प्रशासनिक अमले के साथ नीमच में ही बैठ कर नाम मात्र के प्रीमियम , लीज एवं विकास शुल्क तय कर सर्वमान्य हल कर देंगे ।
( 2 ) – दिल्ली – मुम्बई कॉरिडोर शीघ्र पूर्ण करवाएंगे और इस क्षेत्र में लगने वाले उद्योगों में 50 प्रतिशत रोजगार स्थानीय युवाओं को ही मिले यह सुनिश्चित करेंगे ।
( 3 ) – राज्य सरकार अपने स्तर पर नीमच क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नये आयाम देगी । क्षेत्र के घर – घर में कुटीर और लघु उद्योगों की स्थापना करेंगे । बेरोजगार नही रहने देंगे युवाओं को ।
( 4 ) – नीमच ज़िले में उच्च शिक्षा केन्द्र और औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित कर युवाओं का भविष्य संवारेंगे ।
( 5 ) – ट्रामा सेंटर का नाम क्षेत्र के दिग्गज भाजपा नेता पूर्व विधायक खुमानसिंह शिवाजी के नाम पर करने एवं शीघ्र पूर्ण स्टॉफ की नियुक्ति और स्वास्थ्य सेवाओं को श्रेष्ठ बनाने की घोषणा
( 6 ) – इसी तारतम्य में पिछले विधानसभा चुनाव से पहले 29 मार्च 2018 को नीमच में आयोजित जिला स्तरीय अंत्योदय मेले में शिवराजसिंह जी ने आश्वस्त किया था कि बंगला – बगीचा समाधान के लिए बनाए गये व्यवस्थापन नियमों की विसंगतियों को अविलंब दूर कर सर्वहितकारी बनाएंगे ।
( 7 ) – इसी आयोजन में मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी कि अफीम काश्तकारों की फसल क्षतिग्रस्त होने पर राज्य शासन विशेष पैकेज देगी ।
नीमच की जनता ने भरोसा कर दिया समर्थन लेकिन मुख्यमंत्री ने किया विश्वासघात —
श्री राठौड़ ने कहा कि , मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के वादों और घोषणाओं पर भरोसा कर वर्ष 2003 की ही तरह नीमच क्षेत्र की जनता ने वर्ष 2008 , 2013 और 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को ही विजयी बनाया । कमलनाथजी की सरकार के 15 माह की अवधि को छोड़ कर प्रदेश में अभी तक लगातार भाजपा की ही सरकार और मुख्यमंत्री भी शिवराजजी ही है । वर्ष 2014 से केंद्र में भी भाजपा की ही सरकार है ।
— हर स्तर पर सत्ता शक्ति की अनुकूलताओं के बावजूद शिवराजजी ने नीमच की जनता से किये गए उक्त वर्णित मुख्य वादे और घोषणाएँ अभी तक भी पूरी नहीं की है ।श्री चौहान के पास अपने वादे और घोषणाओं को पूरा नहीं कर पाने के लिए कोई बहाना नहीं है । यह बिल्कुल स्पष्ट रूप से नीमच क्षेत्र की जनता के साथ विश्वासघात करते हुए झूंठे वादों और घोषणाओं के जरिये वोटों की ठगी की बात है ।
- क्या मुख्यमंत्री नीमच की जनता से माफी मांग कर अविलम्ब वादे – घोषणाएँ पूरी करेंगे..?
श्री राठौड़ ने कहा कि , अगले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर अपनी नाकामियों से जनता का ध्यान हटाने के लिए महज 15 माह मुख्यमंत्री रहे कमलनाथजी से सवाल पूछने की नौटंकी करने वाले मुख्यमंत्री शिवराजजी से हमारा सीधा सवाल है कि क्या , पिछले करीब 15 वर्षों से खोखले वादों और घोषणाओं से नीमच क्षेत्र की जनता से उनके द्वारा की जा रही वोटों की ठगी के लिए वह जनता से माफी मांगेंगे..? हमारी यह भी माँग है कि अगर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का राजनैतिक जमीर बाकी है तो उनको नीमच अँचल की जनता से माफी मांगते हुए अविलम्ब किये गए वादे और घोषणाओं को पूरा करने की दिशा में ठोस कदम उठाये ।